नवाबगंज के मोहम्मदपुर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के कार्यक्रम में शरारती तत्वों ने हंगामा करते हुए आयोजक की पिटाई कर दी। पुलिस के पहुंचने के पहले ही शरारती तत्व घर छोड़कर फरार हो गए।
मोहम्मदपुर हथिगंहा निवासी जय प्रकाश गुप्ता के घर के पास शनिवार को नवनिर्मित मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का कार्यक्रम था। गांव के सभी लोग शामिल थे। रात को जन्माष्टमी पंडाल में भजन- कीर्तन का कार्यक्रम चल रहा था। बताया गया कि देर रात करीब 12 बजे गांव के कुछ युवक झांकी स्थल पर पहुंचे, और कार्यक्रम के आयोजक को गालियां देते हुए झांकी को क्षतिग्रस्त कर दिया।
आयोजन के विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए पिटाई कर दी। घटना के बाद कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई। मौजूद लोगों के समझाने पर किसी तरह मामला शांत हुआ। बताया गया कि आरोपीगण शराब के नशे में थे। नवाबगंज कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के घरों पर दबिश दी गई, लेकिन वह घर छोड़कर फरार हैं।