अमरेहा टोल प्लाजा पर शुक्रवार को पहुंचे स्कॉर्पियो सवार लोगों ने जमकर बवाल किया। कर्मियों की पिटाई करने के साथ दो लाख रुपये की कीमत वाले हैंड होल्ड फास्टैग रीडर के साथ 4500 रुपये नगदी भी छीन ले गए। घटना से प्लाजा पर जाम की स्थिति बन गई। मामले में अमरेहा टोल कर्मियों ने गौहनिया चौकी प्रभारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
टोल प्लाजा कर्मियों ने बताया कि दोपहर 12.30 बजे सफेद रंग की स्कॉर्पियो पर सवार दो लोग प्लाजा पहुंचे। उनसे टोल मांगा जाने लगा तो वे अभद्रता करने लगे। विरोध किया गया तो मारपीट पर उतारू हो गए। आरोप है कि उन्होंने कर्मियों की पिटाई की। टोल पर इस घटना से तनाव की स्थिति बन गई। जब तक और लोग पहुंचते अराजकतत्वों ने कर्मियों ने टोल से दो लाख रुपये की कीमत वाले हैंड होल्ड फास्टैग रीडर ले लिया और कर्मचारियों के पास मौजूद नगदी 45000 रुपये छीन लिया।
कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि अराजकतत्वों ने प्लाजा की ईटीसी सेवा को भी आधे घंटे तक बाधित कर दिया इससे जाम की स्थिति भी बन गई। अराजकतत्वों ने जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। कर्मियों ने मामले की शिकायत गौहनिया चौकी प्रभारी को तहरीर दी है और हैंड होल्ड फास्टैग रीडर के साथ 45000 रुपये दिलाने के साथ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर रही है।