रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), उत्तर मध्य रेलवे ने वर्ष 2026-27 के लिए जीडीसीई कोटे के तहत 656 पदों पर भर्ती प्रक्रिया का एलान किया है। इसके लिए उत्तर मध्य रेलवे में धारणाधिकार (लियन) रखने वाले सभी पात्र और सेवारत नियमित कर्मचारियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विज्ञापन
इस भर्ती अभियान में सबसे अधिक पद सहायक लोको पायलट के हैं। इसकी कुल संख्या 428 (लेवल-दो) है। इसके अलावा वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक (लेवल-तीन) के 104, जूनियर इंजीनियर (सभी विभाग, लेवल-छह) के 60, तकनीशियन ग्रेड-तीन सिग्नल एवं दूरसंचार (सभी विभाग, लेवल-दो) के 56, तकनीशियन ग्रेड-एक सिग्नल एवं दूरसंचार (लेवल-पांच) के पांच तथा कनिष्ठ लिपिक सह टंकक (लेवल-दो) के तीन पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
आरआरसी की ओर से इस भर्ती से जुड़ी विस्तृत अधिसूचना आगामी 28 सितंबर 2026 को आधिकारिक तौर पर जारी कर दी जाएगी। इसके बाद इच्छुक और योग्य कर्मचारी एक अक्टूबर से 30 अक्तूबर 2026 तक आरआरसी प्रयागराज की आधिकारिक वेबसाइट www.rrcpryj.org पर जाकर ऑनलाइन आवेदन दाखिल कर सकेंगे।
विज्ञापन
विभागीय परीक्षा के माध्यम से कॅरिअर को नई उड़ान देने के इच्छुक कर्मचारियों के लिए यह एक बेहतरीन मौका साबित होगा। हालांकि, रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे सुरक्षा विशेष बल के कर्मियों को इस भर्ती प्रक्रिया से बाहर रखा गया है, वे इसमें शामिल नहीं हो सकेंगे।