रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की कार्यप्रणाली से देशभर के लाखों परीक्षार्थी परेशान हैं। रेलवे की पांच बड़ी और महत्वपूर्ण भर्तियों के परिणाम लंबे समय से अधर में लटके हुए हैं। इनमें आरआरबी लेवल-वन (ग्रुप डी)- 2024, एएलपी 2025 (सीबीटी-एक), तकनीशियन ग्रेड-तीन 2025, पैरामेडिकल 2025 और एनटीपीसी स्नातक 2025 (सीबीटी-एक) के लंबित परिणाम शामिल हैं। वहीं दूसरी तरफ बोर्ड के वार्षिक परीक्षा कैलेंडर के अनुसार नई भर्तियां भी पाइपलाइन में हैं।
तय कार्यक्रम के मुताबिक जून में तकनीशियन, जुलाई से सितंबर के बीच जूनियर इंजीनियर व पैरामेडिकल, अगस्त में एनटीपीसी और आखिरी तिमाही में ग्रुप डी की नई भर्तियां प्रस्तावित हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब पुरानी भर्तियां ही पूरी नहीं होंगी तो नए कैलेंडर के अनुसार परीक्षा, परिणाम और अन्य कार्य संभव नहीं है। वहीं आरआरबी प्रयागराज प्रशासन ने परीक्षा परिणाम जारी करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।