रेलवे को इसी माह 180 इंजीनियर मिल जाएंगे। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की परीक्षा की प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों का परिणाम जारी कर दिया है। नए इंजीनियरों की तैनाती प्रयागराज, आगरा, झांसी मंडल एवं उत्तर रेलवे के लखनऊ और बनारस लोकोमोटिव वर्क्स में होगी।
मार्च 2018 में आरआरबी ने जूनियर इंजीनियर के 1444 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। 10 फरवरी 2020 को परिणाम जारी हुआ। इसके बाद रेलवे बोर्ड ने 180 पद और बढ़ा दिए। इस वजह से जो अभ्यर्थी प्रतीक्षा सूची वाले थे, उन्हें भी जूनियर इंजीनियर (जेई), डिपो मैटेरियल सुपरिटेडेंट (डीएमएस) आदि बनने का मौका मिल गया।
डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन आदि प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 180 इंजीनियर का रोल नंबर आरआरबी प्रयागराज ने अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया है। अब इन सभी का मेडिकल होना है। इस बारे में आरआरबी चेयरमैन आरए जमाली का कहना है कि मेरिट और रैंक अभ्यर्थियों की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। अब मेडिकल के बाद सफल अभ्यर्थियों की तैनाती कर दी जाएगी।
इन पदों पर होनी है नियुक्ति
जूनियर इंजीनियर ब्रिज, जूनियर इंजीनियर सिविल/ड्राइंग, जेई पीवे, जेई वर्क्स, जेई ट्रैक मशीन, जेई कैरेज एंड वैगन, जेई मैकेनिकल, जेई इलेक्ट्रिकल/जनरल सर्विस, जेई इलेक्ट्रिकल/टीआरएस, जेई /सिग्नल एंड टेलीकॉम, डिपो मैटेरियल सुपरिटेंडेंट आदि।