रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने मिनिस्ट्रियल और आइसोलेटेड कैटेगरी के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की उत्तर कुंजी (आंसर-की) जारी कर दी है। अभ्यर्थी सात अगस्त की रात 11:55 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रिस्पांस और प्रश्न पत्र देखने के साथ ही अपनी आपत्ति भी ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं।
बता दें इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 312 पदों के लिए कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा गत 14 और 15 जुलाई को आयोजित की गई थी। बोर्ड के अनुसार, प्रश्नों या विकल्पों पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए अभ्यर्थियों को प्रति प्रश्न 50 रुपये का शुल्क भुगतान करना होगा। यदि अभ्यर्थी की आपत्ति सही पाई जाती है, तो उनका यह शुल्क उसी बैंक खाते में वापस कर दिया जाएगा जिससे भुगतान किया गया था।