वाराणसी से हरिद्वार जा रही जनता एक्सप्रेस पर फतनपुर के सुवंसा रेलवे स्टेशन के करीब हुए पथराव में महिला यात्री के घायल होने के मामले में आरपीएफ ने प्राथमिकी दर्ज की है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस की पूछताछ जारी है। आरपीएफ, जीआरपी और फतनपुर पुलिस घटनास्थल के आसपास पथराव करने वालों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
जौनपुर के शाहगंज थाना क्षेत्र नवेड़िया की रहने वाली 40 वर्षीय माला सिंह रविवार को जनता एक्सप्रेस से रायबरेली जा रही थी। सुवंसा रेलवे स्टेशन के करीब रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े कुछ लोगों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया था। जिससे माला सिंह की आंख के पास पत्थर लग गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। चिकित्सकों की सलाह पर घायल माला को परिजन उपचार के लिए प्रयागराज एसआरएन ले गए। जहां सोमवार को उसके हालत में सुधार होने की बात आरपीएफ बता रही है।
इधर आरपीएफ थाने पर कंट्रोल रूम के मैसेज पर अज्ञात पत्थरबाजों के खिलाफ देर रात प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से रात भर पुलिस की पूछताछ चली लेकिन आरोपियों के बारे में कुछ पता नहीं चला। सोमवार को दिन भर आरपीएफ, जीआरपी व फतनपुर पुलिस घटनास्थल के इर्द गिर्द आरोपियों की तलाश करती रही। स्टेशन अधीक्षक जेपी शुक्ला ने बताया कि ट्रेन पर पथराव करने वालों की तलाश में टीमें लगी है।
मवेशी चराने वालों ने भी बनाई दूरी
जनता एक्सप्रेस पर पथराव से महिला यात्री के घायल होने के बाद पुलिस की धमाचौकड़ी को देखते हुए सोमवार को मवेशी चराने वालों ने भी दूरी बनाए रखी। पुरुष तो दूर बच्चे व महिलाएं भी रेलवे लाइन के आसपास मवेशी चराने नहीं आईं। पुलिसकर्मी सादी वर्दी में भी गांव में घूमते हुए पत्थरबाजों की तलाश करती रही।