शहर में दशहरा के बाद डबल डेकर ई-बसों के रूट के लिए सर्वे शुरू होगा। सर्वे करने के बाद यूपी रोडवेज का प्रयागराज रीजन अपनी रिपोर्ट परिवहन मुख्यालय लखनऊ को भेजेगा।
शहर में दशहरा के बाद डबल डेकर ई-बसों के रूट के लिए सर्वे शुरू होगा। सर्वे करने के बाद यूपी रोडवेज का प्रयागराज रीजन अपनी रिपोर्ट परिवहन मुख्यालय लखनऊ को भेजेगा। रूट मुफीद पाए जाने पर मुख्यालय प्रयागराज को दो डबल डेकर ई-बसें भेजेगा। दरअसल महाकुंभ के दौरान ही परिवहन विभाग ने प्रयागराज से लखनऊ तक संचालन के लिए प्रयागराज को दो डबल डेकर ई-बसें आवंटित की थीं। हालांकि महाकुंभ के दौरान इन बसों का संचालन नहीं हो सका था।
विज्ञापन
65 सीटर डबल डेकर ई-बसों के लिए तब रूट सर्वे किया गया लेकिन बाद में तमाम स्थानों पर कम ऊंचाई के रेल पुल, लटके हुए बिजली के तारों की वजह से यह बसें वापस लखनऊ भेज दी गई थीं। हाल ही में प्रयागराज पहुंचे सूबे के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने आर्य कन्या इंटर डिग्री कॉलेज में छात्राओं से कहा कि डबल डेकर ई-बस का संचालन शहर में जल्द शुरू होगा। विभाग की तैयारी है कि बस के रूट में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के साथ कुछ महिला डिग्री कॉलेज भी हों। इस बारे में प्रयागराज रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार ने कहा कि इन बसों के संचालन के लिए दशहरा बाद रूट सर्वे शुरू किया जाएगा।