खरगापुर गांव के मकानों की छतें जल्द ही सोलर रूफटॉप से चमकती नजर आएंगी। गांव में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए योजना के तहत पात्र ग्रामीणों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इससे ग्रामीणों को बिजली की जरूरत का एक हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा करने में मदद मिलेगी और बिजली के खर्च में भी कमी आने की उम्मीद है।
खास बात यह कि पूरे जनपद के सभी विकासखंडों में सिर्फ एक ही गांव का चयन उक्त योजना में किया गया है। विकासखंड शृंग्वेरपुरधाम के खरगापुर गांव की आबादी करीब 1100 है। यहां कुल 210 मकान बने हैं। योजना का लाभ उन्हीं ग्रामीणों को मिलेगा, जिनके घरों में पहले से बिजली के कनेक्शन हैं।
अधिकारियों के अनुसार, सोलर रूफटॉप लगाने के लिए नेडा की ओर से करीब एक लाख आठ हजार रुपये तक का अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। इससे ग्रामीणों पर सोलर संयंत्र लगाने का आर्थिक बोझ कम होगा। गांव में करीब 90 प्रतिशत मकानों में पहले से बिजली के कनेक्शन हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में परिवार इस योजना के दायरे में आ सकते हैं।
सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से न केवल घरेलू बिजली की जरूरत पूरी करने में मदद मिलेगी, बल्कि पारंपरिक बिजली पर निर्भरता भी कम होगी। ग्रामीणों में योजना को लेकर उत्सुकता है। यदि पात्र परिवारों को समय पर अनुदान और सोलर रूफटॉप की सुविधा मिलती है तो खरगापुर गांव सौर ऊर्जा के उपयोग की दिशा में एक उदाहरण बन सकता है।
प्रधान रामचंद्र यादव ने बताया कि अब लोग बिजली के लिए आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं। एडीओ आईएसबी मयूरेश त्रिपाठी ने बताया कि रूफटॉप योजना की शुरुआत खरगापुर गांव से शुरुआत की गई।