एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पीपलगांव में शनिवार दोपहर बैंक कैशियर के घर में घुसकर दो बदमाश दिनदहाड़े एक लाख के गहने, सात हजार नकद व डीवीआर लूट ले गए। बदमाशों ने खुद को कैशियर का जूनियर बताकर दरवाजा खुलवाया। फिर पानी मांगने के बहाने घर के भीतर घुस आए। इसके बाद उनकी पत्नी को तमंचा दिखाकर वारदात को अंजाम दिया और भाग निकले।
विशाल कुमार वर्तमान में अतरसुइया के मीरापुर स्थित बैंक ऑफ़ बड़ौदा में हिट कैशियर के रूप में तैनात हैं। वह परिवार समेत पीपल गांव में रहते हैं। शनिवार को एक रिश्तेदार का निधन होने पर विशाल अंतिम संस्कार में शामिल होने चले गए। पुलिस के मुताबिक, दोपहर में घर में उनकी पत्नी प्रिया और एक साल का मासूम बेटा था। प्रिया ने बताया कि 1:00 बजे के करीब लाल रंग की बाइक से दो लोग आए और दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलने पर पूछा कि क्या विशाल सर का घर यही है। हां में जवाब देने पर बताया कि वह पोंगहट पुल के पास से आए हैं। इसके बाद उन्होंने पीने के लिए पानी मांगा।
प्रिया पानी लेने चली गई और तब तक दोनों घर के भीतर घुस आए। भीतर से दरवाजा भी बंद कर लिया। इसके बाद तमंचा निकाल लिया और धमकी दी कि शोर मचाने पर जान से मार देंगे। डरा-धमकाकर आलमारी की चाबी ले ली और फिर लॉकर में रखे करीब ₹ एक लाख मूल्य के गहने व सात हजार नगद समेट लिए। यही नहीं घर में मौजूद डीवीआर भी ले लिया और फिर सभी सामान लेकर भाग निकले।
सूचना मिली तो पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। घंटों जांच पड़ताल के बाद भी बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। डीसीपी नगर अभिषेक भारती ने बताया कि जिस तरह से घटना अंजाम दी गई, उससे लगता है कि बदमाश मृतक के घर के बारे में अच्छी तरह से जानते थे। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
सिर्फ एक ही डीवीआर के बारे में थी जानकारी
कैशियर के घर में दो डीवीआर लगे हुए हैं लेकिन बदमाश सिर्फ एक ही ले गए। माना जा रहा है कि शायद उन्हें दूसरे डीवीआर के बारे में जानकारी नहीं थी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एयरपोर्ट थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है।