फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज: बुजुर्ग महिला की हत्या कर लाखों की डकैती, बेटे-बहू गंभीर हालत में भर्ती

Wed, 09 Jan 2019 09:40 PM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
डकैती के बाद घर में बिखरा सामान, पूछताछ करते पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

सरायइनायत में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे के पास स्थित सुदनीपुर कला गांव में आधी रात रिटायर्ड कर्मचारी के घर घुसे डकैतों ने उनकी पत्नी की हत्या कर दी और घर में रखे नकदी, गहने समेत पांच लाख का सामान लूट ले गए। बदमाशों ने उनके बेटे व बहू पर भी हमला किया, जिन्हें गंभीर हालत में शहर स्थित बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। 

विज्ञापन


सुदनीपुर कला गांव निवासी ठाकुर प्रसाद मिश्र सीओडी के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। उनका एक घर गांव में ही प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर बंद हो चुके अप्सरा टाकीज के पास भी है, जहां वह परिवार समेत रहते हैं। रोज की तरह मंगलवार रात भी खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए। ठाकुर प्रसाद अपने पौत्र के साथ एक कमरे में, जबकि उनकी पत्नी दुर्गावती देवी (80) भीतर के कमरे में सो रही थीं। उनके बड़े बेेटे शारदा प्रसाद व बहू कुसुम प्रथम तल पर बने कमरे में थे। रात एक बजे के करीब पीछे की ओर बनी दीवार फांदकर आधा दर्जन असलहाधारी बदमाश घर में घुस आए। उन्होंने सबसे पहले उस कमरे में बाहर से कुंडी लगा दी, जिसमें ठाकुर प्रसाद अपने पौत्र के साथ सो रहे थे। फिर ठीक इसी तरह उस कमरे को बंद किया जिसमें ठाकुर की छोटी बहू रेखा अपनी बेटी काजल के साथ सो रही थी। इसके बाद बदमाश दरवाजा तोड़कर भीतर के कमरे में पहुंचे और अलमारी तोड़ने लगे। 
आहट पाकर जगी दुर्गावती ने शोर मचाना चाहा तो धारदार हथियार से हमला कर दुर्गावती की हत्या कर दी। इसके बाद बदमाश कमरे में रखे नकदी व गहने भरे चार बक्से उठा कर जाने लगे। इसी दौरान प्रथम तल पर सो रही मीना बाथरूम की ओर जाने लगीं तो बदमाशों ने उन पर भी हमला बोल दिया। पत्नी की चीख सुनकर शारदा पहुंचे तो उन पर भी धारदार हथियार से वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। पति-पत्नी को मरणासन्न करने के बाद बदमाश भाग निकले।

विज्ञापन
विज्ञापन

रेलवे लाइन के पास टूटे पड़े मिले लूटे गए बक्से

भोर में नींद खुलने पर कमरा बाहर से बंद मिलने पर ठाकुर प्रसाद ने शोर मचाया। इस पर दूसरे कमरे में मौजूद उनकी पोती काजल ने फोन कर सूचना दी तो पड़ोसी ने पहुंचकर दरवाजा खोला। घरवाले भीतर के कमरों में पहुंचे तो दुर्गावती की लाश देखकर उनकी चीख निकल गई। प्रथम तल पर लहूलुहान पड़े पति-पत्नी भी तड़प रहे थे। सूचना पर एसएसपी नितिन तिवारी, एसपी गंगापार नरेंद्र सिंह समेत अन्य अफसर भी पहुंच गए।
 
घायलों को अस्पताल भेजवाकर पुलिस जांच में जुटी तो घर से 500 मीटर दूर स्थित रेलवे लाइन के पास लूटे गए बक्से टूटे पड़े मिले। साथ ही उनमें रखी नकदी व गहने गायब थे। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि लूटे गए बक्सों में एक लाख नकद व चार से पांच लाख के गहने थे।

एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि, असलहाधारी बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। खोजी कुत्ता (ट्रैकर) घर से कुछ दूर पर स्थित जैतवार क्रॉसिंग तक जाने के बाद लौट आया है। शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें