Roadways buses will be operated from different places on Bath festival
प्रयागराज। माघ मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रोडवेज के मुख्य प्रधान प्रबंधक पीआर बेलवरियार बृहस्पतिवार को प्रयागराज पहुंचे। यहां उन्होंने मेले के लिए बनाए जा रहे अस्थाई बस स्टेशन का जायजा लिया। इस दौरान अफसरों ने बताया कि माघ मेले के मुख्य स्नान पर्व के साथ उसके एक दिन पहले एवं एक दिन बाद बसों का संचालन अलग-अलग स्थानों से होगा। इस दौरान माघ मेला अवधि में बसों के सुचारू संचालन के लिए मुख्य प्रधान प्रबंधक ने झांसी, कानपुर, लखनऊ, फैजाबाद, वाराणसी, चित्रकूट, गोरखपुर के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ प्रयागराज से ही वीडियो कांफ्रेंस की।
इस दौरान पीआर बेलवरियार ने कहा कि माघ मेले के लिए सभी क्षेत्रीय प्रबंधक अपने रीजन की बसों को तैयार रखें। बसों को सैनिटाइज करने के बाद ही उसमें यात्रियों को बैठाया जाए। इस दौरान बसों में उतने ही यात्रियों को बैठाया जाए, जितनी उसमें सीटें हैं। बैठक के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक प्रयागराज टीकेएस बिसेन ने बताया कि मेले के मुख्य स्नान पर्व के दौरान सिविल लाइंस बस स्टेशन से लखनऊ, फैजाबाद, प्रतापगढ़, कानपुर रूट की बसों का संचालन होगा।
झूंसी में बनाए जा रहे अस्थाई बस स्टेशन से वाराणसी, गोरखपुर, जौनपुर, आजमगढ़ आदि रूट की बसें चलेंगी, जबकि लेप्रैसी नैनी में स्थित अस्थाई बस स्टेशन से मिर्जापुर, बांदा, चित्रकूट, रीवा रूट की बसों का संचालन होगा। अस्थाई बसों में हैंड हेल्ड सैनिटाइजर मशीन की व्यवस्था की जा रही है। बैठक में मुख्य प्रधान प्रबंधक ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों से कहा कि मेला अवधि में मेडिकल चेकअप के बाद ही रोडवेज स्टाफ को प्रयागराज भेजा जाए। उन्होंने का कि मुख्य स्नान पर्व एवं उसके एक दिन पहले एवं एक दिन बाद 2800 बसों के संचालन की तैयारी रखी जाए।