राजापुर में 500 से अधिक निर्माणो
पर लटकी ध्वस्तीकरण की तलवार
0 हनुमान मंदिर से ट्रैफिक पुलिस लाइन तक पीडीए ने लगाए लाल निशान
0 परेशान लोगों ने सर्किट हाउस पहुंचकर मंत्री को घेरा, मनमानी का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। राजापुर में हनुमान मंदिर से ट्रैफिक पुलिस लाइन तक म्यो रोड के चौड़ीकरण के लिए सड़क के दोनों ओर 9-9 मीटर तक पीडीए ने लाल निशान लगाए हैं। इस वजह से करीब पांच सौ से अधिक निर्माण पर ध्वस्तीकरण की तलवार लटक रही हैै। चौड़ीकरण के लिए अब यह निर्माण वहां से हटाए जाएंगे। उधर, लाल निशान लगने से परेशान लोग शनिवार को सर्किट हाउस पहुंचे और प्रभारी मंत्री आशुतोष टंडन का घेराव किया।
स्थानीय निवासियों ने पीडीए पर मनमानी का आरोप लगाते हुए महायोजना के उल्लंघन करने का आरोप लगाया। प्रभारी मंत्री से कहा कि म्यो रोड की चौड़ाई बढ़ाकर 24 मीटर कर दी गई। पीडीए की मनमानी से सैकड़ों घर एवं दुकान के ऊपर ध्वस्त होने का खतरा पैदा हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक अधिकांश दुकान एवं घर की गहराई ही 10-20 फीट है। नौ मीटर तक बढ़ने पर कई घर खत्म हो जाएंगे। निम्न आय वर्ग के कई लोगों के घर भी इसी के दायरे में हैं। उनके घर भी ध्वस्त हो जाएंगे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पीडीए अफसर यहां रहने वालों के मकान तोड़ने की धमकी दे रहे हैं। विरोध करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही जा रही। प्रमिल केसरवानी, रंजीत गुप्ता, अखिलेश कुमार, पवन कुमार, शंकर लाल केसरवानी, प्रदीप नारायण, अनिल कुमार आदि का कहना है कि यहां अधिकांश लोगों के फ्री होल्ड मकान हैं। उन्होंने सड़क की चौड़ाई 12 मीटर ही रखने की मांग की। प्रभारी मंत्री ने उपाध्यक्ष से इस मामले की गंभीरता से सुनवाई के निर्देश दिए। प्रदर्शनकारियों ने उपाध्यक्ष से मुलाकात करके अपनी समस्या उनको बताई।