पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप्प होने से नाराज झूंसी के अमरसापुर वार्ड के हबीबपुर गांव के ग्राम
- फोटो : विकास भवन।
झूंसी। हबीबपुर गांव में पांच दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार की देर शाम झूंसी-जौनपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अफसर एवं कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना था कि पांच दिन पहले आई आंधी के बाद से ही गांव में बिजली आपूर्ति गुल है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार मलावा स्थित बिजली उपकेंद्र पर की। इसके बावजूद विभाग के कर्मचारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया।
ऐसे में रविवार की देर शाम ग्रामीणों का गुस्सा फूटा और वे सड़क पर आ गए। चक्काजाम की सूचना मिलने पर झूंसी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों को समझने का प्रयास कर रही थी। आंधी से झूंसी और हनुमानगंज समेत पूरे गंगापार में बिजली आपूर्ति अभी तक पटरी पर नहीं आ सकी है। कई गांव अभी भी ऐसे हैं जहां टूटे तार और बिजली के खंभों को ठीक नहीं किया जा सका है।
इन्हीं में से एक गांव अमरसापुर वार्ड का हबीबपुर है, जहां पर अब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी है। इस दौरान यहां की तकरीबन ढाई हजार आबादी के ग्रामीण लगातार मलावा बिजली उपकेंद्र का चक्कर लगाते रहे और बिजलीकर्मियों से फरियाद करते रहे कि उनके गांव की भी बिजली के खंभे और तार को जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी जाए लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई।
इसके विरोध में रविवार की देर शाम ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और झूंसी जौनपुर मार्ग पर उतर गए एवं चक्काजाम कर दिया। झूंसी/जौनपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर झूंसी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। खबर लिखे जाने तक चक्काजाम जारी था।