अपनी दिशा में आ रही थी बस
बताया जा रहा है कि टूरिस्ट बस अपनी साइड से ही जा रही थी कि सामने से तेज गति में आ रही बोलेरो सीधे टकरा गई। बोलेरो में सवार चालक समेत 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। बस में सवार श्रद्धालु घायल रोडमल ने बताया दुर्घटना के समय बस में सवार ज्यादातर लोग सो रहे थे, अचानक भीषण टक्कर हुई। दुर्घटना के समय मैं जाग रहा था और बस के केबिन में बैठा था। बोलेरो तेज गति में आकर सामने से भिड़ गई।
सभी की मृतकों की शिनाख्त उनकी जेब में मिले आधार कार्ड और मोबाइल नंबर से हो पाई। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। परिजन छत्तीसगढ़ से रवाना हो चुके हैं। बोलेरो में सवार सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ से सीधे प्रयागराज महाकुंभ जा रहे थे।
प्रयागराज हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि "उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मिर्जापुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में कई लोगों की मौत की खबर दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
प्रयागराज के सीएमओ एके तिवारी ने कहा, "प्रयागराज में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई जब एक बस और बोलेरो में टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो में बैठे सभी लोगों की मौत हो गई... सभी पीड़ित छत्तीसगढ़ से प्रयागराज आ रहे थे, और बस प्रयागराज से रायगढ़ जा रही थी..."
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज जिले में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने ट्वीट कर कहा कि "उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-मिर्जापुर राजमार्ग पर मेजा क्षेत्र में प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने जा रहे कोरबा जिले के 10 श्रद्धालुओं की दुर्घटना में मृत्यु की खबर से मुझे दुःख हुआ है। कोरबा जिला प्रशासन को स्थानीय प्रशासन से समन्वय कर आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!"