उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी भर्ती-2021 (आरओ-एआरओ) का अंतिम परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। इसमें कुल 350 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। मूल प्रमाण पत्रों आदि की जांच के लिए अलग से तारीख घोषित की जाएगी।
आयोग की ओर से मुख्य परीक्षा पिछले वर्ष 24, 25 एवं 26 अप्रैल को आयोजित की गई थी। इसमें कुल 3679 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। सहायक समीक्षा अधिकारी के पदों के लिए कंप्यूटर एवं हिंदी टाइप की परीक्षा 11 से 14 अक्तूबर के बीच हुई थी।
मुख्य परीक्षा एवं टाइप टेस्ट के आधार पर परिणाम की घोषणा की गई है। अवधभान सिंह भदौरिया ने मेरिट में पहला स्थान प्राप्त किया है। इंद्रेश केसरवानी दूसरे एवं सूर्जित कुमार यादव तीसरे स्थान पर रहे। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अमर नाथ झा छात्रावास के राघवन त्रिपाठी ने सातवीं रैंक के साथ सफलता हासिल की है।
कुल सफल अभ्यर्थियों में से 143 का समीक्षा अधिकारी पद के लिए चयन हुआ है। इनमें से 76 का सचिवालय, 18 का राजस्व परिषद एवं 22 का उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के लिए हुआ है। आयोग के सचिव आलोक कुमार के अनुसार परिणाम को लेकर सूचना का अधिकार के तहत आए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
एससी के चार पद रह गए खालीआरओ-एआरओ की भर्ती प्रक्रिया 354 पदों के लिए शुरू की गई थी, लेकिन अनुसूचित जाति के चार पद खाली रह गए हैं। सामान्य चयन के अंतर्गत एआरओ (लेखा) सचिवालय में एससी के दो पदों के लिए योग्य अभ्यर्थी नहीं मिले। इसके अलावा विशेष चयन के अंतर्गत समीक्षा अधिकारी लेखा के अनुसूचित जाति के दो पदों के लिए भी योग्य दावेदार नहीं मिले। इसकी वजह से चार पद खाली रहे गए हैं।
साक्षात्कार की तारीख घोषित
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने अलग-अलग विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर एवं सांख्यिकी अधिकारी के पदों के लिए साक्षात्कार की संभावित तारीख घोषित कर दी है। चिकित्सा शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य सामान्य मेडिसिन के तीन, सहायक आचार्य ब्लड बैंक के दो, प्राविधिक शिक्षा विभाग में कर्मशाला अनुदेशक मशीन शाप के सात तथा वन एवं वन्य जीव विभाग में सांख्यिकी अधिकारी के दो पदों के लिए साक्षात्कार जनवरी के आखिर में होगा।
उत्तर कुंजी जारी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने चिकित्साधिकारी, सामुदायिक आयुर्वेद-यूनानी स्क्रीनिंग परीक्षा-2021 की उत्तर कुंजी जारी कर दी है। परीक्षा पिछले वर्ष 31 जुलाई को हुई थी, जिसका परिणाम 11 जनवरी को घोषित किया गया था। उत्तर कुंजी आयोग की वेबसाइट पर 28 जनवरी शाम पांच बजे तक उपलब्ध रहेगी। हालांकि, इस पर किसी तरह की आपत्ति नहीं की जा सकेगी।