परीक्षा में शामिल होंगे 817 अभ्यर्थी, यूपीपीएससी ने जारी किया कार्यक्रम
पहली बार कंप्यूटर पर होगी परीक्षा, प्रति मिनट 25 शब्द करने होंगे टाइप
प्रयागराज। समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) परीक्षा-2017 के तहत एआरओ पद के अभ्यर्थियों का टाइप टेस्ट 18 जनवरी को प्रयागराज में आयोजित किया जाएगा। पहली बार टाइप टेस्ट कंप्यूटर पर होगा। परीक्षा पांच मिनट की होगी और प्रति मिनट 25 शब्द टाइप करने होंगे। परीक्षा के लिए 817 अभ्यर्थियों को अर्ह पाया गया है, जिनके प्रवेशपत्र एवं रोल नंबरों की सूची उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। आरओ/एआरओ के कुल 809 पदों पर भर्ती होनी है।
परीक्षा रोल नंबर के हिसाब से 18 जनवरी को चार चरणों में आयोजित की जाएगी। टाइट टेस्ट सुबह नौ से 10.30 बजे, 11.30 से दोपहर एक बजे, दोपहर दो से 3.30 बजे और शाम 4.30 से छह बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र के अनुसार अभ्यर्थी अपने प्रवेशपत्र एवं महत्वपूर्ण अनुदेश आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित परीक्षा केंद्र में दो फोटो एवं एक आईडी प्रूफ के साथ आना होगा।
आयोग पहली बार यह परीक्षा कंप्यूटर पर कराने जा रहा है। इससे पहले परंपरागत टाइप राइटर पर परीक्षा होती थी, लेकिन अब सरकार दफ्तरों से परंपरागत टाइप राइटर गायब हो चुक हैं और वहां कंप्यूटर का इस्तेमाल होने लगा है। हालांकि, आयोग ने मुख्य परीक्षा के बाद यह निर्णय लिया था और इसी वजह से शुरुआत में निर्णय का विरोध भी हुआ था। आरओ/एआरओ-2017 की प्रारंभिक परीक्षा आठ अप्रैल 2018 को हुई थी और 14 दिसंबर को इसका रिजल्ट जारी किया। इसके बाद फरवरी 2019 में मुख्य परीक्षा कराई गई। टाइप टेस्ट होने के बाद आरओ/एआरओ की ज्वाइंट मेरिट तैयार कर अंतिम चयन परिणाम जारी किया जाएगा।