मेजा। मेजारोड चौराहे पर अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरने से बाइक सवार परिवहन विभाग के सेवानिवृत्त टीआई की मौत हो गई। वहीं पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मांडा थाना क्षेत्र के आंधी गांव के माता दुलार उपाध्याय (80) परिवहन विभाग में टीआई के पद से सेवानिवृत्त थे। वह परिवार के साथ मेजारोड रेलवे स्टेशन के समीप रहते थे। रविवार को वह अपने पोते अंकित उपाध्याय (18) के साथ बाइक से मेजारोड चौराहे पर जा रहे थे।
वह जैसे ही मेजारोड चौराहे के समीप पहुंचे वैसे ही बाइक अनियंत्रित हो गई। माता दुलार और अंकित उपाध्याय सड़क पर ही गिर गए। दोनों को गंभीर चोट आ गई। इस दौरान मौके पर पहुंचे परिजनों ने तत्काल दोनों को अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने माता दुलार को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद पोते को शहर के लिए रेफर कर दिया गया।