झूंसी (इलाहाबाद)। थाना क्षेत्र के लीलापुर रोड स्थित देवनगर कालोनी में चोरों ने रविवार रात रिटायर्ड एडीएम और इंजीनियर के घर पर धावा बोल दिया। चोर दोनों परिवारों को कमरे में बंद कर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी ले उड़े। खबर पाकर फील्ड यूनिट के प्रभारी प्रेम नारायण भारती और चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों घर अगल-बगल हैं।
मूलरूप से आजमगढ़ के रहने वाले आरपी सिंह एडीएम पद से रिटायर्ड हुए हैं। झूंसी के लीलापुर मार्ग पर स्थित देवनगर कालोनी में मकान बनाकर वह पत्नी इंदू सिंह, मां, छोटे भाई, देवरानी और बच्चों के संग रहते हैं। कुछ माह पूर्व उनकी बेटी की शादी हुई थी। रविवार रात चोर बाउंड्री फांदकर भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने मकान के पिछले हिस्से के कमरे की खिड़की की ग्रिल को पेंचकस से खोल दिया और भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद कमरे में रखी लोहे की अलमारी का लॉक खोल लिया। सेफ में रखी सोने की दो जंजीर, चार सोने की चूड़ी, दस अंगूठी, छह जोड़ी कान की बाली, सोने की एक मटर माला, दो सोने के हार, पांच सोने के सिक्के और चांदी के आभूषण समेत तकरीबन छह लाख रुपये के आभूषण उड़ा दिए।
इसके पहले चोरों ने सभी कमरों में बाहर से कुंडी लगा दी थी। चोरों ने ठीक बगल में टेलीफोन विभाग के रिटायर्ड इंजीनियर सुधीर कुमार शर्मा के मकान को भी निशाना बनाया। चोर इंजीनियर के मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए। घर में इंजीनियर के अलावा उनकी पत्नी कौशल्या देवी मौजूद थीं। चोरों ने कमरे और अटैच बाथरूम के दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगा दी थी। लोहे के बक्से का ताला तोड़कर चोर 50 हजार रुपये के आभूषण ले उड़े। सुबह जब नींद खुली तो दोनों परिवारों ने खुद को कमरे में कैद पाया। रिटायर्ड एडीएम को पड़ोसियों की मदद से कमरे से बाहर निकाला गया। रिटायर्ड इंजीनियर और उनकी पत्नी बाथरूम का दरवाजा तोड़कर बाहर निकलीं।
आईजी ने घटना को गंभीरता से लिया
आईजी जोन बृजभूषण ने दो रिटायर्ड अफसरों के घर चोरी की घटना को गंभीरता से लिया। मौके पर सीओ तथा इंस्पेक्टर के न जाने पर उन्होेंने नाराजगी जताई। उन्होंने एसएसपी को पत्र भेजकर अफसरों को मौके पर भेजने का निर्देश दिया।