शहर के धार्मिक स्थल सोमवार को भले ही खुल गए हों, लेकिन होटल एवं रेस्टोरेंट का नंबर अभी नहीं आया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रेस्टोरेंट एवं होटल तब ही खुलेंगे, जब प्रशासन द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के क्रम में संबंधित संचालक एक घोषणापत्र एडीएम सिटी को देंगे। इसे मामले में सोमवार को प्रशासनिक अफसरों के साथ होटल, रेस्टोंरेट, मॉल संचालकों की बैठक भी हुई।
दरअसल, रविवार की रात ही प्रयागराज में होटल, रेस्टोरेंट एवं मॉल खोले जाने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से गाइडलाइन जारी की गई थी। गाइडलाइन को लेकर सोमवार सुबह कलक्ट्रेट में होटल, रेस्टोरेंट संचालकों की बैठक हुई। बैठक में तय हुआ कि प्रशासन ने जो गाइडलाइन जारी की है उसके क्रम में सभी होटल, रेस्टोरेंट एवं मॉल संचालकों को एक घोषणापत्र एडीएम सिटी को देना होगा।
prayagraj news
- फोटो : prayagraj
घोषणापत्र में इस बात का भी उल्लेख होगा कि सभी ने अपने यहां गाइडलाइन के अनुसार जरूरी इंतजाम कर लिए हैं। इसके बाद प्रशासन की टीम निरीक्षण करेगी। सब कुछ सही होने पर ही होटल एवं रेस्टोरेंट खोले जाने की अनुमति दी जाएगी। बैठक में शामिल होने के बाद प्रयागराज होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि घोषणापत्र देने में एक दो दिन का वक्त लग सकता है। वहीं एडीएम सिटी ने बताया कि संबंधित संचालकों को शासन के दिशा निर्देश से अवगत करा दिया गया है। अब व्यवस्था होने के बाद अंडर टेकिंग देने के उपरांत ही होटल और रेस्टोरेंट संचालन की अनुमति दी जाएगी।
prayagraj news
- फोटो : prayagraj
मॉल में सुबह खुलीं दुकानें, दोपहर बाद बंद
जिला प्रशासन द्वारा रविवार देर रात गाइडलाइन जारी करने के बाद सिविल लाइंस स्थित विनायक मॉल के अंदर कुछ दुकानें सुबह खुल गईं। हालांकि, बाद में संबधित दुकानदारों को मालूम पड़ा कि उन्हें पहले घोषणापत्र देना है तो उन्होंने दुकानें बंद कर दीं। इस दौरान एक रेस्टोरेंट भी मॉल में खोला गया, लेकिन वह भी दोपहर में बंद हो गया। अधिकांश लोगों ने साफसफाई पर ही जोर दिया। उधर, सिविल लाइंस स्थित शहंशाह रेस्टोरेंट के संचालक ने कहा कि वह रेस्टोरेंट में अभी खाने की अनुमति नहीं देंगे। सिर्फ खाने पीने की सामग्री पैक कर वह ग्राहकों को देंगे।