पुष्पेन्द्र यादव एनकाउंटर में एसएसपी झांसी से जवाब तलब
घटना की जांच सीबीआई से कराने की मांग, हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब
प्रयागराज। झांसी के चर्चित पुष्पेंद्र यादव पुलिस एनकाउंटर की जांच सीबीआई से कराने की मांग पर हाईकोर्ट ने प्रदेश सरकार से जवाब मांगा है। साथ ही एसएसपी झांसी ओपी सिंह को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल कर पूरे मामले का ब्यौरा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। पुष्पेंद्र की पत्नी शिवांगी की याचिका पर न्यायमूर्ति एनए मुनीस और न्यायमूर्ति अनिल कुमार की पीठ सुनवाई रही है। याचिका पर अगली सुनवाई 26 नवंबर को होगी।
याचिका पर अधिवक्ता इमरान उल्लाह और शिवम यादव ने कोर्ट को बताया कि एनकाउंटर करने वाले इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र सिंह चौहान एसएसपी के रिश्तेदार हैं। इसलिए वह इंस्पेक्टर को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि घटना के बाद मीडिया को दिए गए बयान में एसएसपी और इंस्पेक्टर के बयान में कई विरोधाभास हैं।
याचिका में आरोप लगाया है कि पुष्पेंद्र यादव की पुलिस ने हत्या कर दी और इसे एनकाउंटर का केस बनाने के लिए कहानी गढ़ी गई। सीबीआई जांच से ही सच सामने आ सकता है। याचिका में एसएसपी झांसी ओपी सिंह के साथ साथ प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी को पक्षकार बनाया गया है ।