इलाहाबाद (ब्यूरो)। वरिष्ठ शिक्षाविद् ओंकार स्वरूप चतुर्वेदी की द्वितीय पुण्यतिथि पर रविवार को साहित्य संगम की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ कलाविद् प्रो. रामचंद्र शुक्ल ‘कला भूषण सम्मान’, पं. हरि मोहन मालवीय ‘साहित्य भूषण सम्मान’, डॉ. कृष्णा मुखर्जी ‘चिकित्सा भूषण सम्मान, डॉ. एम गोविंद राजन को भाषा भूषण सम्मान, डॉ. आनंद श्रीवास्तव, डॉ. हेरंब चतुर्वेदी और संतोष जैन को ‘साहित्य सेवी’ सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय के कुलपति पूर्व प्रो. केबी पांडेय ने कहा कि ओंकार स्वरूप चतुर्वेदी के न रहने पर भी उनके द्वारा स्थापित संस्थान समाज को प्रेरित करने का काम कर रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विज्ञान परिषद के महामंत्री प्रो. शिवगोपाल ने की। इस दौरान वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन संतोष जैन और अपर्णा चतुर्वेदी ने किया। कार्यक्रम में अर्चना, जागृति, उमेश, अरविंद चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।