Resistance march of students to stop the police
- फोटो : CITY DESK
प्रदेश में लड़कियों, महिलाओं के साथ हो रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में मार्च निकालने जा रहे छात्रों को पुलिस ने रोक दिया। इस पर पुलिस और छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में छात्रों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन दिया और प्रदेश सरकार की बर्खास्तगी की मांग की।
छात्र मंगलवार दोपहर प्रतिरोध मार्च निकालने के लिए इंसाफ मंच के बैनर तले बैंक रोड पर इकट्ठा हुए, लेकिन मार्च निकालने से पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इससे छात्र भड़क गए और उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई।
छात्रों ने विरोध में प्रदर्शन किया। इंसाफ मंच के संयोजक डॉ. आरपी गौतम ने कहा कि लखीमपुर, गोरखपुर, जौनपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में महिलाओं के साथ आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। आजमगढ़ में दलित प्रधान को घर से बुलाकर हत्या कर देना अपराधियों के बढ़े हौसले को दिखाता है। छात्रों ने राज्यपाल से मांग की कि प्रदेश सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाए। प्रदर्शन में सुनील मौर्य, दिनेश चौधरी, धनराज गौतमत, शैलेश पासवान, अमर बहादुर, प्रदीप, दीपक विश्वकर्मा, अश्विनी, अनिल प्रजापित, श्रीकांत, शशि, गुड्डू चौधरी आदि शामिल रहे।