माघ मेले में शंकराराचार्य ज्योतिष्पीठ की भूमि के लिए मेलाधिकारी से वार्ता करते संत।
- फोटो : अमर उजाला।
भूमि आवंटन पर पेच फंसने के बाद ज्योतिष्पीठ के प्रतिनिधि मेला प्रशासन के रवैये से नाराज हैं। सोमवार को द्वारका पीठ के अलावा शाकंभरी पीठ और आध्यात्म मंडल के शिविरों के लिए भूमि पूजन होना था, लेकिन प्रशासन के आग्रह के बाद भी संत नहीं पहुंचे। दिन भर अफसरों की ओर से नाराज संतों को मनाने की कोशिशें की जाती रहीं, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा।
माघ मेले में ज्योतिष्पीठ के भूमि आवंटन पर सोमवार की शाम तक कोई रास्ता नहीं निकल सका। प्रयागराज मेला प्राधिकरण के अफसर ज्योतिष्पीठ के प्रतिनिधियों से लागतार वार्ता करते रहे। दिन भर मान-मनौव्वल चलती रही, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। मेलाधिकारी अरविंद चौहान की ओर से संतों को भूमि पूजन करने के आमंत्रित किया गया था। इसके लिए द्वारका पीठ, आध्यात्म मंडल और शाकंभरी मठ की भूमि और सुविधाएं जारी की गई हैं। लेकिन, संतों ने साफ कह दिया कि जब तक ज्योतिष्पीठ की भूमि, सुविधाएं जारी नहीं की जाएंगी, तब तक वह किसी भी शिविर के लिए भूमि पूजन नहीं करेंगे।