इलाहाबाद। कचहरी में हुए नबी अहमद हत्याकांड में अभी तक आरोपपत्र नहीं दाखिल होने पर सीजेएम ने कर्नलगंज थाने से रिपोर्ट तलब कर ली है। इस मामले की जानकारी बुधवार को समाचार पत्रों के माध्यम से होने के बाद जिला अधिवक्ता संघ ने सीजेएम की अदालत में एक प्रार्थनापत्र दिया है। सीजेएम ने कर्नलगंज थाने को चार जून तक अपनी रिपोर्ट देने को कहा है।
अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों अध्यक्ष शीतला प्रसाद मिश्र, देवेंद्र मिश्र नगरहा, उमाशंकर तिवारी, अनिल तिवारी, रेवती रमण त्रिपाठी आदि ने एसएसपी से भी इस संबंध में मुलाकात कर शिकायत की है कि आरोपपत्र दाखिल करने की मियांद 90 दिन बीतने को है और पुलिस जानबूझकर देरी कर रही है ताकि अभियुक्त शैलेंद्र सिंह कानूनी प्रावधान का लाभ उठाकर जमानत पर रिहा हो सके।
एसएसपी ने संघ को दो दिन में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि 11 मार्च को कचहरी परिसर में नबी अहमद की हत्या के बाद से दरोगा शैलेंद्र सिंह जेल में बंद है। मगर विवेचक ने अब तक जांच पूरी कर चार्जशीट दाखिल नहीं की है। इससे अभियुक्त को लाभ मिलने की आशंका जताते हुए सीजेएम न्यायालय के कोर्ट मोहर्रिर ने कर्नलगंज इंस्पेक्टर को पत्र भेजकर जानकारी दी है।