बाल विकास परियोजनाओं के तहत प्रयागराज में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 140 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 13 मई 2026 निर्धारित की गई है। ऑनलाइन आवेदन वेबसाइट https://www.upanganwadibharti.in पर किया जा सकता है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह के अनुसार विज्ञापित पदों के लिए केवल महिला अभ्यर्थी ही पात्र होंगी। दो परियोजनाओं मेजा व शहर द्वितीय में पूर्व चयन प्रक्रिया से आच्छादित तीन पदों और 19 परियोजनाओं में नवीन चयन प्रक्रिया के तहत 137 पदों पर भर्ती की जाएगी। ग्राम सभा/वार्डवार पदों की सूचना एवं आरक्षण का विवरण कलक्ट्रेट, विकास भवन, तहसील एवं विकास खंड कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित कर दिया गया है।
नवीन चयन प्रक्रिया के तहत शंकरगढ़ में छह, सैदाबाद में तीन, शहर द्वितीय में 12, शहर प्रथम में 19, प्रतापपुर में तीन, मेजा में 12, मऊआइमा में एक, कोरांव में सात, कौड़िहार में छह, जसरा में 14, हंडिया में एक, धनूपुर में दो, चाका में 12, बहरिया में आठ, बहादुरपुर में 11, फूलपुर में सात, मांडा में पांच, होलागढ़ व करछना में चार-चार पदाें और पूर्व चयन प्रक्रिया के तहत मेजा में दो व शहर द्वितीय में एक पद पर भर्ती होगी।
पात्रता की शर्तों के तहत आवेदक की आयु निर्धारित कटऑफ तिथि एक जनवरी 2026 को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट एवं उसके समकक्ष होगी। यह सीधी भर्ती मानदेय पर संविदा आधारित पदों पर होगी। विज्ञापित पदों की संख्या घट-बढ़ भी सकती है।