मौनी अमावस्या पर एयरपोर्ट पर यात्रियों और विमानों की आवाजाही का रिकाॅर्ड बन गया। एयरपोर्ट निर्माण के बाद पहली बार एक दिन में आठ हजार से ज्यादा यात्रियों की आवाजाही हुई। इस दौरान 56 विमानों का आवागमन हुआ। इसके पहले सर्वाधिक विमानों की आवाजाही 25 जनवरी को हुई थी, तब यहां एक ही दिन 42 विमान का आवागमन हुआ था।
अमूमन एयरपोर्ट पर 1500 से 2000 यात्रियों की आवाजाही होती है। महाकुंभ पर यहां से विमानन कंपनियों ने कई शहरों के लिए सीधी उड़ान शुरू की है। इसी वजह से यहां यात्रियों और विमानों की आवाजाही की संख्या बढ़ती जा रही है।
इस माह पहली बार एक ही दिन में पहले चार हजार तो उसके बाद छह हजार यात्रियों का आवागमन हुआ। अमावस्या के एक दिन पहले यहां रिकाॅर्ड 8,378 यात्रियों की आवाजाही हुई। खास बात यह रही कि 28 जनवरी को पहली बार यहां विमानों की संख्या में अर्धशतक का भी आंकड़ा पार किया।
इस दौरान इंडिगो के नौ, एलाइंस एयर के पांच, स्पाइस जेट के छह, एयर इंडिया के दो और अकासा एयर के तीन विमानों की आवाजाही हुई। इसके अलावा तीन चार्टर्ड प्लेन का भी यहां आवागमन हुआ। चार्टर्ड प्लेन से 29 यात्रियों का आवागमन हुआ।