नियुक्ति के लिए जिन विषयों में चयनित अभ्यर्थियों की फाइलें शिक्षा निदेशालय को भेजी गई हैं, उनमें संगीत महिला एवं पुरुष, कृषि महिला एवं पुरुष, वाणिज्य महिला एवं पुरुष, कला महिला एवं पुरुष, गृह विज्ञान महिला, शारीरिक शिक्षा महिला एवं पुरुष ,विज्ञान महिला एवं पुरुष, कंप्यूटर महिला एवं पुरुष, उर्दू महिला एवं पुरुष भर्ती से अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा चार विषयों की फाइलें अभी नहीं भेजी गई हैं। आयोग की ओर से नियुक्ति की सिफारिश भेजे जाने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि लॉक डाउन के बाद चयनित अभ्यर्थियों की ज्वाइनिंग करा दी जाएगी और उनका दो साल का लंबा इंतजार खत्म होगा।
आयोग के सचिव जगदीश का कहना है कि बाकी चार विषयों की फाइलें तैयार किए जाने का काम चल रहा है। जल्द ही अन्य चार विषयों में चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की संस्तुति भी शासन को भेज दी जाएगी। 00 हिंदी, सामाजिक विज्ञान के रिजल्ट पर निर्णय अटका - एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती में हिंदी और समाजिक विज्ञान में सर्वाधिक 3287 पद हैं। इनमें हिंदी के 1433 और सामाजिक विज्ञान विषय में 1854 पद हैं। पेपर आउट के आरोप में इन दो विषयों के परिणाम फंसे हुए हैं। मामले की जांच कर रही एसटीएफ की ओर से अब तक चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है, सो आयोग भी इन दोनों विषयों के रिजल्ट देने से कतरा रहा है।
अभ्यर्थियों ने इस मसले पर वार्ता के लिए एक बार फिर आयोग अध्यक्ष से समय मांगा है। हालांकि कुछ दिनों पहले भी अध्यक्ष से मिलने के लिए समय मांगा गया था लेकिन लॉक डाउन का हवाला देते हुए अभ्यर्थियों को मिलने की अनुमति नहीं दी गई। प्रतियेेगी मोर्चा के प्रदेश संयोजक विक्की खान का कहना है कि अगर अध्यक्ष मिलते हैं तो उनसे मांग की जाएगी कि हिंदी और सामाजिक विज्ञान का रिजल्ट भी शीघ्र जारी किया जाए।