इलाहाबाद। सावन के महीने में बुधवार को संगम के पास नमाजियों ने कांवड़ियों की अगवानी कर आपसी सौहार्द की एक नई मिसाल पेश की। नमाजियों ने शास्त्री ब्रिज पर कांवड़ियों को शर्बत पिलाया और उनकी सकुशल यात्रा के लिए दुआएं मांगीं।
प्रियंका गांधी यूथ ब्रिगेड और ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुसलेमीन के संयुक्त बैनर तले बुधवार सुबह शास्त्री ब्रिज पर जुटे दारुल उलूम हलफतेह मदरसा के नामामियों ने काशी विश्वनाथ एवं बाबा बैजनाथधाम जाने वाले कांवड़ियों का स्वागत किया और उन्हें गले लगाते हुए आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत किया। इस दौरान कांवड़ियों को शरबत पिलाया गया। कांवड़ियों ने भी नमाजियों को पूरा सम्मान दिया।
इसके बाद नमाजियों ने कांवड़ियों को शिव के जलाभिषेक के लिए विदा किया।संगठन के सदस्य हसीब अहमद ने कहा कि नमाजियों की इस पहल से शहर की गंगा-जुमनी तहजीब को और मजबूती मिलेगी। कांवड़ियों के जरिये सौहार्द का संदेश देश भर में फैलेगा। संगठन के ही अफसर महमूद का कहना है कि नमाजियों ने अमन का संदेश दिया है। कांवड़ियों का स्वागत करने वालों में श्रीशचंद्र दुबे, अब्दुल अहद, जितेंद्र मिश्र, मोहम्मद अरशद अंसारी, विजय निषाद, मोहम्मद जुबैर खान, अजीत पासी, मोहम्मद शादाब, अनुज श्रीवास्तव, महताब खां, शानू तिवारी आदि शामिल रहे।।