उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में सहायक आचार्य के 1017 पदों पर भर्ती के लिए संशोधित प्रक्रिया लागू करते हुए आवेदन फिर से आमंत्रित किए हैं। इनमें बीएड विषय के 107 पद भी शामिल हैं। इस भर्ती के लिए मूल विज्ञापन वर्ष 2022 में जारी हुआ था, लेकिन अर्हता संबंधी विवादों के चलते प्रक्रिया बार-बार प्रभावित होती रही।
आयोग के सचिव के अनुसार, पूर्व में 9 जुलाई 2022 और 23 मई 2025 के संशोधित विज्ञापनों के तहत आवेदन करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को पुनः आवेदन करना होगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस और ईमेल के माध्यम से आवेदन संख्या भेजी गई है, जिसका उपयोग कर वे नया आवेदन कर सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन शुल्क नहीं देना होगा। हालांकि, वे अभ्यर्थी जो 31 अगस्त 2022 तक निर्धारित शैक्षिक योग्यता पूरी नहीं कर पाए थे, वे कार्यालय के कार्य दिवस में सचिव, शिक्षा सेवा चयन आयोग को संबोधित प्रार्थना पत्र, आवेदन की प्रति और बैंक विवरण संलग्न कर शुल्क वापसी के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आयोग के सचिव ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया 28 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 27 मई 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन में संशोधन और शुल्क संबंधित समाधान की अंतिम तिथि 30 मई तथा 28 जुलाई 2026 तय की गई है।
उल्लेखनीय है कि उच्च न्यायालय ने 9 दिसंबर 2022 को पारित आदेश में बीएड विषय के सहायक आचार्य पद की अर्हता को एनसीटीई रेगुलेशन 2014 के अनुरूप न मानते हुए विज्ञापन को निरस्त कर पुनः जारी करने का निर्देश दिया था। इसके बाद आयोग ने 23 मई 2025 को संशोधित विज्ञापन संख्या 51 जारी किया, लेकिन अर्हता संबंधी आपत्तियों के चलते उसे भी निरस्त कर मामला शासन के उच्च शिक्षा विभाग को भेजा गया। शासन के उच्च शिक्षा अनुभाग-1 ने 12 फरवरी 2026 और 11 मार्च 2026 को जारी आदेशों के माध्यम से बीएड पाठ्यक्रम के लिए सहायक आचार्य पद की नई अर्हता निर्धारित कर दी है। इसके बाद अब संशोधित नियमों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।