शिवकुटी में 25 वर्षीय युवती ने अश्लील वीडियो बनाकर चार साल तक दुष्कर्म समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि पुलिस से शिकायत पर आरोपी व उसके घरवालों ने आर्य समाज से शादी करा दी, लेकिन इसके बाद छोड़ दिया।
युवती रेस्टोरेंट में नौकरी करती है और गोविंदपुर में किराये के कमरे में कई साल से रह रही है। आरोप है कि 2018 में उसकी मुलाकात शिवम यादव निवासी छिवैया झूंसी से हुई। इसके बाद दोनों में फोन पर बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि एक दिन रात आठ बजे आकर नशीला पदार्थ मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आरोपी ने दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर चार साल तक दुष्कर्म करता रहा। गर्भवती होने पर 2022 में दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया।
25 जनवरी को उसने शिवकुटी थाने में शिकायत की तो आरोपी ने सुलह-समझौते का नाटक करते हुए चार दिन बाद 29 जनवरी को आर्य समाज से शादी कर ली। हालांकि, इसके बाद उसे यह कहते हुए छोड़ दिया कि आरोपी व उसके परिवारवालों ने कहा कि शादी महज दिखावा थी। शिवकुटी थाना प्रभारी संजय गुप्ता ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। युवक का मोबाइल बंद है, उसकी तलाश की जा रही है।