इलाहाबाद जंक्शन पर शनिवार से रांची राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो जाएगा। शुक्रवार को प्रयागराज पहुंचे रेलमंत्री पीयूष गोयल ने इलाहाबाद जंक्शन में आयोजित वंदे भारत एक्सप्रेस के स्वागत समारोह में रांची राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव का एलान किया। यहां सांसद श्यामा चरण गुप्ता ने मंच से यह मांग की थी। उनकी इस मांग का डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी एवं सिद्धार्थ नाथ सिंह ने भी समर्थन किया।
दरअसल, सांसद श्यामा चरण ने अपने भाषण के दौरान रेलमंत्री से कहा कि जंक्शन पर रांची राजधानी का ठहराव हो। अपने संबोधन के दौरान पीयूष गोयल ने एलान कर दिया कि शनिवार से ही रांची एक्सप्रेस का ठहराव जंक्शन पर शुरू हो जाएगा। रांची राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव के साथ ही जंक्शन पर कुल चार राजधानी का ठहराव सुनिश्चित हो जाएगा। अभी तक यहां हावड़ा राजधानी, पटना राजधानी और डिब्रुगढ़ राजधानी का ही ठहराव है। अब सप्ताह में कुल दो दिन चलने वाली रांची राजधानी एक्सप्रेस भी शनिवार से रुकने लगेगी।
नई दिल्ली से यह ट्रेन बुधवार एवं शनिवार की शाम चार बजे चलती है, जो रात 8.55 बजे कानपुर और सुबह 10.30 बजे रांची पहुंचती है। अब शनिवार से रात 11.05 बजे इसका जंक्शन पर ठहराव होगा। उधर रांची से शनिवार और बृहस्पतिवार की शाम 5.10 बजे चलकर यह ट्रेन अगले दिन सुबह 10.55 बजे नई दिल्ली पहुंचती है। इलाहाबाद पर इसका ठहराव रात 3.45 बजे होगा। बताया जा रहा है कि दोनों ओर से इस ट्रेन का ठहराव दो-दो मिनट का होगा। हालांकि, अभी सियालदाह और भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव नहीं है।