हनुमान जयंती के मौके पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
- फोटो : अमर उजाला।
श्रीराम दूत हनुमानजी की जयंती बुधवार को धूमधाम से मनाई गई। संगम तट पर स्थित श्री बड़े हनुमान मंदिर, सिविल लाइंस हनुमान मंदिर सहित शहर और ग्रामीण अंचलों में स्थित हनुमान मंदिरों में रामायण और सुंदर कांड के पाठ का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने हनुमान चालीसा और बजरंग बाण पाठ किया। हनुमानजी को छप्पन भोग लगाकर आरती उतारी गई।
दीवाली पर्व के एक दिन पूर्व आज दारागंज ओर कटरा रामलीला कमेटी के तत्वावधान में हनुमान जयंती मनाई गई। इस दौरान जुलूस भी निकाला गया। जगह जगह हनुमान जी की पूजा आरती की गई। भक्तों ने जयकारे लगाया। शोभा यात्रा में कलात्मक चौकी भी शामिल रही।
बजरंगबली के जन्मोत्सव पर मंदिरों में झांकियां सजाई गईं। संगम स्थित बड़े हनुमान मंदिर में तीन दिवसीय वैदिक अनुष्ठान आरंभ किया गया। बाघंबरी गद्दी मठ के महंत बलबीर गिरि ने भोर में चार बजे हनुमानजी की महाआरती की। इस दौरान मंदिर परिसर शंख ध्वनि से गूंज उठा। इस दौरान ब्रह्म कलश महाभिषेक भी किया गया। भव्य शृंगार आरती शाम साढ़े चार बजे, छप्पन भोग की आरती शाम छह बजे से हुई। इसी तरह सिविल लाइंस स्थित हनुमत निकेतन में भी हनुमान जयंती पर विविध कार्यक्रम हुए।