श्री रामायण एक्सप्रेस के अगले तीन फेरे में प्रयागराज को भी शामिल कर लिया गया है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) द्वारा इस ट्रेन का संचालन अब राजकोट, मदुरई एवं जयपुर से किया जाएगा। इन तीनों ही शहरों से अलग-अलग तिथियों में श्री रामायण एक्सप्रेस चलेगी। हालांकि, आईआरसीटीसी की ओर से इसके संचालन की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है। लेकिन, इसके रूट में प्रयागराज को जरूर शामिल कर लिया गया है।
दरअसल, 14 नवंबर को ही दिल्ली सफदरगंज से पहली श्री रामायण एक्सप्रेस को चलाया गया है। रामेश्वरम तक जाने वाली यह ट्रेन उन स्थानों से गुजरेगी जो प्रभु श्री राम से जुड़े हुए हैं। इस ट्रेन के रूट में प्रयागराज और चित्रकूट को शामिल नहीं किया गया था। इसे लेकर आईआरसीटीसी की खासी किरकिरी भी हुई। अमर उजाला ने भी यह मामला प्रमुखता से प्रकाशित किया। फिलहाल, आननफानन में आईआरसीटीसी की ओर से पहली रामायण एक्सप्रेस के यात्रियों को बस द्वारा प्रयागराज और चित्रकूट भेजे जाने की व्यवस्था की गई है। 20 नवंबर को वाराणसी से इस ट्रेन के मुसाफिर बस द्वारा भेजे जाएंगे। उधर, आईआरसीटीसी की ओर से अब मदुरई, राजकोट एवं जयपुर से भी श्री रामायण एक्सप्रेस को चलाने की तैयारी की गई है। इन तीनों स्थानों से चलने वाली ट्रेन में प्रयागराज, चित्रकूट को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा अयोध्या, वाराणसी, हंपी, नासिक, सीतामढ़ी, रामेश्वरम भी यह ट्रेन जाएगी। आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने इसकी पुष्टि की हे।