गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि राम मंदिर भाजपा का चुनावी मुद्दा नहीं है, लेकिन यदि यह बन जाता है तो सबके लिए खुशी की बात होगी। राजनाथ पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के 85वें जन्मदिन समारोह में उनको शुभकामनाएं देने के लिए यहां आए थे।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान कर्नाटक में टीपू सुल्तान के जयंती समारोह का भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से विरोध किए जाने के सवाल उन्होंने टिप्पणी करने से ही मना कर दिया। हालांकि, पश्चिम बंगाल सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अप्रत्यक्ष रूप से उन्होेंने हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सच में जटिल राज्य है। साथ में कहा कि ‘क्यों और कैसे इस पर फिलहाल मैं चर्चा नहीं करूंगा। केशरीनाथ वहां के राज्यपाल हैं और अपनी जिम्मेदारियों को निभा रहे हैं। यह सराहनीय है।’ राजनाथ के अलावा केशरीनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन व सूबे के दोनों उपमुख्यमंत्री भी पहुंचे।