रक्षाबंधन के बाद प्रयागराज जंक्शन पर उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
रक्षाबंधन का पर्व मनाने के बाद शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोगों ने वापसी की राह पकड़ ली। प्रयागराज जंक्शन पर जहां एक ओर सुबह के समय यहां आने वाली ट्रेनों से सैकड़ों यात्री उतरे वहीं शाम होते-होते वापस जाने वाले लोगों की यहां संख्या बढ़ने लगी। दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस और इंदौर जाने वाली डाॅ. अंबेडकरनगर के जनरल कोच में लाइन में लगवाकर यात्रियों को आरपीएफ ने बैठाया। इस बीच प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सूबेदारगंज में आरपीएफ और जीआरपी का जांच अभियान भी चला।
आरपीएफ इंसपेक्टर अमित मीना के नेतृत्व में विश्रामालय, प्रतीक्षालय आदि की विशेष जांच हुई। वहीं, प्रयागराज जंक्शन से होकर गुजरने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, अहमदाबाद एक्सप्रेस जैसी तमाम महत्वपूर्ण ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची बनी रही। कन्फर्म बर्थ न मिलने और बोगियों में प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों की संख्या को लेकर कई नाराज यात्रियों ने रेलवे के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर अपनी शिकायतें भी दर्ज कराई।
रेलवे ने प्रयागराज से गुजरने वाली कई स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने प्रयागराज के रास्ते चलने वाली कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि में विस्तार किया है। इससे गुजरात, मध्य प्रदेश और पूर्वांचल की तरफ आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
वडोदरा और मऊ के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (09195) अब तीन अक्तूबर से 28 नवंबर तक कुल नौ फेरे लगाएगी। वहीं, वापसी में मऊ-वडोदरा स्पेशल (09196) चार अक्तूबर से 29 नवंबर के बीच नौ फेरे पूरे करेगी। इसी प्रकार, सूरत-छपरा स्पेशल (09065) के संचालन की अवधि भी बढ़ाई गई है, जो 20 अक्तूबर से 17 नवंबर तक पांच फेरे लगाएगी।