फूलपुर पहुंचे किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का जोरदार स्वागत किया गया।
- फोटो : संवाद।
फूलपुर के मियांकापूरा गांव में शनिवार को एक ओर जहां शादी की खुशियों में सराबोर रहा, वहीं दूसरी ओर किसानों की समस्याएं भी चर्चा के केंद्र में रहीं। युवा जिलाध्यक्ष रमीज नकवी की बहन की शादी में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पहुंचे। उनके साथ युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान राकेश टिकैत ने किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि खाद, बिजली और पानी की समस्या किसानों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को केंद्र और प्रदेश सरकार के समक्ष उठाकर जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा।
साथ ही राकेश टिकैत ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी और किसान आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। वहीं युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने भी किसानों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए कहा कि अब उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर महताब नकवी, देवेंद्र खन्ना, लाल प्रताप, संजय गांधी आदि मौजूद रहे।