ईडी को बताया केंद्र सरकार का थानेदार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को लेकर राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ईडी अब सरकार का थानेदार बन चुका है और चुनावी रंजिश में एक हथियार के रूप में इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को घेरने की तैयारी के तहत उनके दल से जुड़े लोगों के यहां छापे मारे गए और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर लिए गए।
38 वर्षों से माघ मेले में किसानों की सहभागिता
प्रयागराज। राकेश टिकैत ने कहा कि माघ मेला हो या कुंभ मेला, पिछले 38 वर्षों से देश भर के किसान संगम स्नान के लिए प्रयागराज आते रहे हैं। झारखंड, बिहार, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों किसान यहां जुटते हैं। इस दौरान बिजली, सिंचाई, फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), भूमि मुआवजा और गन्ने के दाम जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श होता है। उन्होंने कहा कि देश के किसान 24 प्रकार की फसलें उगाते हैं लेकिन अधिकांश मामलों में उन्हें न तो लाभ मिल पा रहा है और न ही लागत निकल रही है। कहा कि हम माघ मेले में आयोजित चिंतन शिविर के माध्यम से मांग करेंगे कि लागत पर कम से कम 50 प्रतिशत लाभ जोड़ कर समर्थन मूल्य तय किया जाए।