उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव चौधरी 35 वर्ष की रेल सेवा के बाद बृहस्पतिवार को सेवानिवृत्त हो गए। एनसीआर में सवा दो वर्ष से अधिक का कार्यकाल करने के बाद उनके आखिरी कार्य दिवस पर सूबेदारगंज स्थित मुख्यालय में आरपीएफ द्वारा विदाई परेड दी गई। अपने अंतिम कार्य दिवस पर जीएम ने कार्मिक विभाग मुख्यालय में सेवानिवृत रेलकर्मी सुविधा केंद्र का भी उद्घाटन किया। जीएम रेलवे बोर्ड द्वारा केंद्रीकृत रूप से वर्चुअल माध्यम से आयोजित किए जाने वाले सेवानिवृत्ति कार्यक्रम में भी शामिल हुए। यहां उन्हें समापन भुगतान प्रपत्र सौंपा गया। शाम को अफसरों द्वारा आयोजित विदाई कार्यक्रम में भी जीएम ने शिरकत की।
महाप्रबंधक राजीव चौधरी के सेवानिवृत्ति के अवसर रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उनको भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान उनके जीएम कार्यकाल के दौरान हुए कार्यों को भी साझा किया गया। इसके पूर्व रेल सुरक्षा बल द्वारा विदाई परेड का आयोजन किया गया। जीएम ने परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त रवींद्र वर्मा, डीआईजी आरएसपी सिंह, एमके खान, बीपी सिंह आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में कार्मिक विभाग मुख्यालय में जीएम ने सेवानिवृत्त रेलकर्मी सुविधा केंद्र का उद्घाटन प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी नंद किशोर की मौजूदगी में किया।
इस केंद्र के माध्यम से रेल कर्मियों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो प्रणाली के तहत उनकी सभी शिकायतों और समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। इसके बाद रेलवे बोर्ड द्वारा केंद्रीकृत रूप से वर्चुअल माध्यम से आयोजित किए जाने वाले सेवानिवृत्ति कार्यक्रम में राजीव चौधरी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/ निर्माण एन आर चौधरी एवं वरिष्ठ सहायक वित्त सलाहकार/निर्माण बीपी सिंह सहित कुल तीन अधिकारी एवं 10 कर्मचारियों को विदाई दी गई। इस अवसर पर उनको समापन भुगतान प्रपत्र सौंपे गए। वहीं उत्तर मध्य रेलवे अधिकारी संघ द्वारा जीएम को भावभीनी विदाई दी गई।