इसके बाद जनवरी 25 में महाकुंभ है। ऐसे में सितंबर 24 से फरवरी 25 तक इस काम पर रोक रहेगी। फिर मार्च 25 से दूसरे चरण का काम शुरू होगा। फिलहाल इसके पूर्व जंक्शन से संचालित कई ट्रेनें सूबेदारगंज एवं छिवकी शिफ्ट की जाएंगी। इस दौरान जंक्शन से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का ठहराव सूबेदारगंज स्टेशन पर किया जाएगा।
चर्चा है कि नई दिल्ली हमसफर, प्रयागराज-बीकानेर, प्रयागराज-उधमपुर सुपरफास्ट, संगम एक्सप्रेस आदि का संचालन सूबेदारगंज स्टेशन से शुरू किया जाएगा। इसके अलावा प्रयागराज-डॉ. आंबेडकरनगर, प्रयागराज-मुंबई दुरंतो, प्रयागराज-झांसी एक्सप्रेस, प्रयागराज-लोकमान्य तिलक तुलसी एक्सप्रेस का संचालन प्रयागराज छिवकी से किया जा सकता है। इस अवधि में प्रयागराज एक्सप्रेस की ही आवाजाही प्रयागराज जंक्शन से होगी। हालांकि रेलवे द्वारा इसे लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि जंक्शन से चलने वाली अधिकांश ट्रेनें सूबेदारगंज एवं छिवकी शिफ्ट कर दी जाएंगी।
नॉन स्टाप ट्रेनें निकाली जाएंगी फ्रेट कॉरीडोर के रास्ते
प्रयागराज जंक्शन से गुजरने वाली वर्तमान समय में दर्जन भर ट्रेनें ऐसी हैं, जिनका यहां ठहराव नहीं है। ऐसे में स्टेशन के पुनर्विकास के दौरान इन ट्रेनों को सुजातपुर से फ्रेट कॉरीडोर के रास्ते वाया इरादतगंज, छिवकी होकर चलाया जा सकता है। साथ ही सभी मालगाड़ियां भी इस अवधि में फ्रेट कॉरीडोर से ही निकाली जाएंगी।
प्रयागराज जंक्शन के पुनर्विकास के दौरान जंक्शन पर ट्रेनों का लोड थोड़ा कम किया जाना है। इसकी तैयारियां की जा रही हैं। यात्रियों को कोई दिक्कत न हो, इसका भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। - सतीश कुमार, जीएम एनसीआर।