श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण दारागंज स्थित प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन 16 फरवरी तक बंद कर दिया गया है। यहां पर तैनात आरपीएफ और जीआरपी जवानों से भी अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। दरअसल, वीकेंड की वजह से महाकुंभ नगर में सुबह से काफी संख्या में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। संगम स्टेशन महाकुंभ नगर के काफी निकट है। ऐसे में यहां भीड़ न उमड़े इसके लिए यहां 16 फरवरी तक लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
हालांकि, अगर यहां कोई यात्री उतर रहा है तो उसे बाहर आने दिया जाएगा, लेकिन स्टेशन पर प्रवेश किसी भी यात्री को नहीं दिया जाएगा। बता दें कि माघी पूर्णिमा के पूर्व से ही उमड़ रही भीड़ के चलते नौ फरवरी को ही प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन 14 फरवरी तक के लिए बंद कर दिया गया था। 14 फरवरी की रात 12 बजे स्टेशन खुलना था, लेकिन भीड़ को देखते हुए यह समय सीमा 16 फरवरी की रात 12 बजे तक के लिए बढ़ा दी गई है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि यात्री प्रयाग और फाफामऊ स्टेशन से ही ट्रेन पकड़े। इन स्टेशनों से स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है।