होली की वजह से बड़े शहरों से प्रयागराज आने वाली प्रमुख ट्रेनें फुल हो गई हैं। फरवरी के अंत से लेकर मार्च की शुरुआत तक अधिकतर ट्रेनों में नो रूम हो गया है। वहीं, अभी किसी भी होली स्पेशल ट्रेन की घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में यात्रियों की चिंता बढ़ गई है। दिल्ली रूट की प्रयागराज एक्सप्रेस, महाबोधि, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी, रीवा एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल आदि ट्रेनों में 26 फरवरी से तीन मार्च तक कंफर्म टिकट मिलना तकरीबन नामुमकिन हो गया है।
20 फरवरी के बाद दिल्ली से चलेंगी फेस्टिवल बसें
ट्रेनों में टिकट न मिलने की स्थिति में यात्रियों के लिए राहत भरी खबर परिवहन निगम की ओर से आई है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने 20 फरवरी के बाद विशेष फेस्टिवल बसें चलाएगा। बसें दिल्ली के आनंद विहार से प्रयागराज के लिए चलेंगी।
होली पर यात्रियों के पास तत्काल सेवा का विकल्प है। इसके अलावा अगले माह होली स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है। - डाॅ. अमित मालवीय, सीनियर पीआरओ, एनसीआर