भीड़ के आगे कम पड़ गईं बसें, खड़े होकर की यात्रा
यूपी रोडवेज के सिविल लाइंस और जीरो रोड स्टेशन रविवार को काफी संख्या में महिलाओं ने सफर किया। एक पुरुष सहयात्री की मुफ्त यात्रा भी फ्री होने से बस स्टेशन पर दोपहर से ही भीड़ बढ़नी शुरू हो गई। पूर्वांचल की बसों में स्थिति ज्यादा खराब रही। जौनपुर, गोरखपुर जाने वाली कई बसों में काफी यात्रियों ने खड़े होकर सफर किया।
दोपहर 12 बजे तक दोनों बस स्टेशन पर काफी भीड़ हो गई। बसों के लिए लोगों को काफी इंतजार भी करना पड़ा। वर्कशॉप से सिविल लाइंस बस स्टेशन के प्लेटफार्म पर बसों के रुकते ही भर जा रही थीं। क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार ने बताया कि वर्कशॉप में खड़ी अतिरिक्त बसों को लगाया, लेकिन भीड़ के आगे इंतजाम छोटे पड़ गए। जौनपुर की रीता पासवान ने बताया कि वापस जाने में काफी दिक्कत हो रही है। पांच मिनट में ही बस भर जा रही हैं।
इसी तरह आजमगढ़ से आईं पूनम द्विवेदी ने बताया कि एक घंटे से खड़ी हूं लेकिन आजमगढ़ की बस नहीं मिल रही। उधर, जीरो रोड बस स्टेशन पर महोबा जाने के लिए अपने दो बच्चों के साथ पहुंची हेमलता श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह 11 बजे से खड़ी हूं। दो घंटे हो गए लेकिन अब तक बस नहीं मिली।