चैत्र नवरात्र के मौके पर रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज से मां शारदा के धाम मैहर एवं मां विंध्यवासिनी के धाम विंध्याचल जाने वाले श्रद्धालुओं की राह आसान की है। इन दोनों ही स्टेशनों पर रेलवे ने नवरात्र के अवसर पर कई ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव करने की तैयारी की है। दोनों ही स्टेशनों से गुजरने वाली कई नॉन स्टाॅप ट्रेनों का रेलवे द्वारा दो-दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव किया जा रहा है।
हर वर्ष नवरात्र के मौके पर प्रयागराज से काफी संख्या में लोग मां विंध्यवासिनी और मां शारदा का दर्शन करने के लिए विंध्याचल और मैहर जाते हैं। सैकड़ों की संख्या में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा उक्त दोनों ही स्टेशनों से गुजरने वाली नॉन स्टॉप ट्रेनों का ठहराव एक निश्चित अवधि के लिए इस बार किया जा रहा है। विंध्याचल रेलवे स्टेशन की बात करें तो यहां चैत्र नवरात्र मेला के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए 30 मार्च से छह अप्रैल एवं 12 अप्रैल को कुछ ट्रेनों का दो मिनट के लिए अस्थायी ठहराव सुनिश्चित किया है।
इस अवधि में यहां लोकमान्य तिलक - पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, डिब्रुगढ़ - लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, गुवाहाटी - लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस एवं भागलपुर - लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस का ठहराव रहेगा। इसके अलावा उक्त अवधि में 13309/13310 चोपन –प्रयागराज एक्सप्रेस एवं त्रिवेणी एक्सप्रेस में सामान्य श्रेणी के दो अतिरिक्त कोच भी लगाए जा रहे हैं। वहीं दूसरी और मैहर रेलवे स्टेशन पर तकरीबन दस जोड़ी ट्रेनों का ठहराव किए जाने की रेलवे प्रशासन ने तैयारी की है।
यहां नवरात्र के दौरान गोदान एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस, गंगा कावेरी एक्सप्रेस, दीक्षाभूमि एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक-रक्सौल, दुर्ग-नौतनवा, पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस, पूर्णा-पटना एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक-अयोध्या कैंट, लोकमान्य तिलक-रांची, ज्ञानगंगा एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक-गुवाहाटी, ताप्तिगंगा एक्सप्रेस आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं।