छिवकी स्टेशन पर रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के मेठ पद पर कार्यरत कर्मचारी की बृहस्पतिवार शाम को छिवकी यार्ड में ट्रेन की संटिंग के दौरान चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को मोर्चरी भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया।
मांडा थाना क्षेत्र के प्रयागपुर नेहवाई गांव निवासी राम चंद्र पटेल (56) रेलवे इंजीनियरिंग विभाग में मेठ पद पर कार्यरत थे। बृहस्पतिवार शाम को छिवकी स्टेशन से ट्रेन को यार्ड में संटिंग कराने के दौरान वह चपेट में आ गए। सूचना पर आरपीएफ के कांस्टेबल आरपी यादव पहुंचे और जानकारी रेलवे कर्मचारियों के साथ आरपीएफ व जीआरपी को दी।
पीडब्ल्यूई विभाग ने बताया कि राम चंद्र शाम को पेट्रोलिंग स्टॉफ को टूल बॉक्स देने गया था, इस दौरान लाइन पार करते समय संटिंग हो रही ट्रेन की चपेट में आ गया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद उसका शव घर पहुंचा तो पत्नी पार्वती, बेटे राजेंद्र, पवन व जीत कुमार बेसुध हो गए।