प्रेमी की तलाश में जौनपुर में दबिश
प्रयागराज। पूरामुफ्ती में 18 वर्षीय काजल की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी छोटू की तलाश तेज कर दी है। शुक्रवार को पूरामुफ्ती थाने की एक टीम ने उसकी तलाश में जौनपुर में कई स्थानों पर दबिश दी। फिलहाल वह हाथ नहीं आया। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश की जा रही है।
हरिरामपुर गांव में दो दिन पहले काजल घर के भीतर मृत पड़ी मिली थी। सोते वक्त गोली मारकर उसकी हत्या की गई थी। परिजनों ने शक ताऊ के बेटे छोटू पर जताया था लेकिन रिपोर्ट अज्ञात में दर्ज कराई थी। सूत्रों का कहना है कि जांच पड़ताल में पता चला कि घटना वाली रात छोटू की लोकेशन हरिरामपुर में ही थी। उसने यहीं से अपने घरवालों से बात भी की थी। इसके साथ ही युवती से भी बात की थी। पूरामुफ्ती एसओ उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उसकी तलाश की जा रही है।