दिल्ली के रामलीला मैदान पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा वीर सावरकर पर दिए बयान की सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भर्त्सना की है। सोमवार को प्रयागराज आगमन पर डिप्टी सीएम ने कहा कि सावरकर का पूरा देश आदर करता है। राहुल फिरोज गांधी से मैं इतना ही कहूंगा कि वह अपने नाम के आगे से ‘गांधी’ हटा लें, क्योंकि यह नाम उनके लिए उपयुक्त नहीं है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि पाकिस्तान हो या फिर बांग्लादेश। अगर इन देशों के घुसपैठिये हैं तो उन्हें हर हाल में देश के बाहर जाना होगा। देश में अब तक कांग्रेस पार्टी और उसकी जैसी मानसिकता रखने वाली पार्टी जैसे सपा, बसपा, टीएमसी आदि ने घुसपैठियों को संरक्षण दिया था। ये घुसपैठिये देश के गरीबों का हक मार रहे थे। जो सुविधाएं देश के गरीबों को मिलनी थी उसका लाभ घुसपैठियों को मिल रहा है।
देश में जब एनआरसी आएगा तो स्वाभाविक तौर से इस तरह के घुसपैठियों को बाहर जाना होगा। जिस तरह से पश्चिमी बंगाल और कुछ अन्य राज्य में राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का काम चल रहा है वह बहुत ही खराब बात है। पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह के नेतृत्व में घुसपैठियों के खिलाफ जो कार्रवाई होने वाली है, उसी आशंका से ग्रसित लोग इस तरह से उपद्रव को बढ़ावा दे रहे हैं। साथ ही कांग्रेस और उसके जैसी सोच वाली पार्टियां उसे हवा दे रही हैं।