Quick watering system now in major stations including Allahabad
प्लेटफार्म पर खड़ी ट्रेनों में महज पांच मिनट मे भर जाएगा पानी
0 इलाहाबाद समेत प्रमुख स्टेशनों में अब क्विक वॉटरिंग सिस्टम
0 एनसीआर जोन के झांसी रेलवे स्टेशन से होने जा रही शुरुआत
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। ट्रेनों में पानी भरने की वर्षों पुरानी प्रणाली में रेलवे अब बदलाव करने जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख रेलवे स्टेशन पर अब क्विक वॉटरिंग सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इससे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में महज पांच मिनट में ही पानी भर जाएगा। पानी भरने के समय में फर्क आएगा। वर्ष के अंत तक जोन के सभी स्टेशनों पर क्विक वॉटरिंग सिस्टम प्लांट स्थापित कर दिया जाएगा।
इस सिस्टम के तहत पुरानी पाइप लाइन के स्थान पर छह इंच वाली पाइप लाइन लगाई जाएंगी। इसके अलावा प्रेशर पंप भी लगाए जाएंगे। ये पंप कंप्यूटरीकृत होंगे। इसकी सहायता से अधिकतम पांच मिनट में कोच में पानी भर जाएगा। वर्तमान में एनसीआर जोन के प्रमुख स्टेशनों में चार इंच वाली पाइप का इस्तेमाल किया जाता है। कोच में पानी भरने के दौरान प्रेशर पंप का इस्तेमाल न होने से पानी का प्रेशर भी कम रहता है। इससे प्रत्येक कोच में एक समान पानी नहीं भर पाता। इस कारण कुछ कोच खाली तो कुछ आधे ही भर पाते हैं। एनसीआर के पीआरओ डॉ. अमित मालवीय के मुताबिक क्विक वॉटरिंग सिस्टम की शुरुआत अब झांसी मंडल के झांसी स्टेशन से होने जा रही है। इसके बाद अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी इसे स्थापित किया जाएगा।