यूपी में माफिया का घर तोड़े जाने का मुद्दा पीसीएस-2019 के इंटरव्यू में सवाल बनकर सामने आया। एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि यूपी में जो माफिया का घर तोड़ा जा रहा है, क्या यह सही है? अगर आप डिप्टी कलेक्टर होते तो क्या निर्णय लेते? कंप्यूटर साइंस के एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्या है?
क्या यह संभव है कि भविष्य में हमारी जगह रोबोट इंटरव्यू लेंगे? इंटरव्यू के दौरान अभ्यर्थियों के सामने ऐसे तमाम सवाल रखे गए, जिसका जवाब किसी किताब से नहीं, बल्कि अपने विवेक से देना था। इंटरव्यू के तीसरे दिन भी 119 अभ्यर्थी बुलाए गए थे और उपस्थिति शतप्रतिशत रही। पहली पाली में 63 और दूसरी पाली में 56 अभ्यर्थियों ने इंटरव्यू दिए।
अभ्यर्थियों ने बताया कि इंटरव्यू बोर्ड के सामने वे काफी सहज थे और कुछ सवालों पर बोर्ड के सदस्यों से उनका लंबा डिस्कशन भी हुआ। एक अभ्यर्थी और सदस्यों के बीच व्हाट्सएप प्राइवेसी पॉलिसी पर काफी देर तक डिस्कशन हुआ। अभ्यर्थी ने व्हाट्सएप के मुद्दे पर यूरोपियन और इंडियन पॉलिसी की तुलना की तो चीन के बारे में पूछ लिया गया। अभ्यर्थी ने जवाब दिया कि चीन में व्हाट्सएप और फेसबुक प्रतिबंधित है। वहां लोग वीचैट का उपयोग करते हैं।