कोटवा गांव में ले जाकर दारागंज निवासी श्री शुक्ला को गोली मार दी गई। आरोप है कि शराब पीने के बाद हुए विवाद में उसके दोस्तों ने ही वारदात की। फिलहाल, अस्पताल ले जाते वक्त उसने दुर्गा यादव का नाम लिया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। घटना के पीछे एक वजह के तौर पर सट्टे के विवाद की भी चर्चा है।
श्री शुक्ला (35) पुत्र श्रीकांत शुक्ला दारागंज में चावला जनरल स्टोर के बगल स्थित गली का रहने वाला है। शनिवार शाम 4 बजे के करीब वह अपने चार साथियों संग तीन बाइक पर सवार होकर सरायइनायत के कोटवा गांव स्थित एक गांव में पहुंचा। यहां सभी ने एक साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और श्री को एक केेेे बाद एक पीठ पर दो गोलियां मार दी गईं। इसके बाद वह जान बचाने के लिए भागा, लेकिन करीब 50 मीटर तक जाने के बाद बेसुध होकर गिर गया।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े तो उसके चारों साथी भाग निकले। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल को एसआरएन भेजा। सरायइनायत इंस्पेक्टर संजय द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल ले जाते वक्त पूछताछ में घायल ने एक हमलावर का नाम दुर्गा यादव बताया है। यह भी बताया कि वह रिश्तेदारी में चलने की बात कहकर उसे अपने साथ ले आया था।
विवाद किस बात को लेकर हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो सका। जांच की जा रही है। हालांकि चर्चा यह भी है कि घटना की वजह सट्टे का विवाद है। घायल युवक दारागंज में सट्टा खिलवाता है और थाने पर लंबे समय से जमे एक दरोगा का नजदीकी भी है। उधर, पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी दुर्गा यादव अल्लापुर में दूध की डेयरी भी चलाता है।